
जिले भर में गणतंत्र दिवस समारोह परम्परागत हर्ष, उल्लास से मनाया गया।
जिले में आन बान शान से तिरंगा लहराया। मुख्य समारोह एस.ए. एफ. मैदान रीवा में आयोजित किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली।
मुख्य अतिथि ने प्रदेश की जनता के नाम मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के संदेश का वाचन किया। मुख्य समारोह के साथ-साथ जिले के सभी कार्यालयों तथा शिक्षण संस्थाओं में भी ध्वजारोहण किया गया
। सभी नगर पंचायतों, जनपद पंचायतों तथा ग्राम पंचायतों में समारोह पूर्वक गणतंत्र दिवस मनाया गया।
समारोह में आकषर्क परेड प्रस्तुत की गई। परेड कमाण्डर अणिमा शर्मा के नेतृत्व में जिला पुलिस बल, महिला पुलिस, एनसीसी, जेल, एसएएफ, स्काउट गाइड, सैनिक स्कूल के दल तथा नगर सेना ने आकर्षक परेड प्रस्तुत की। इसके बाद मुख्य अतिथि ने रंग बिरंगे गुब्बारे आकाश की अनंत ऊचांईयों को छूने के लिए मुक्त किये। उन्होंने परेड कमांडरों व प्लाटून कमांडरों से परिचय प्राप्त किया। इसके बाद उप मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, शहीदों के परिजनों तथा लोकतंत्र के प्रहरियों को उनके पास जाकर शॉल-श्रीफल देकर सम्मानित किया। इसके बाद विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने सामूहिक व्यायाम प्रदर्शन करके मनोहारी दृश्य प्रस्तुत किया। समारोह में सेक्रेड हार्ट स्कूल, गुरूकुल स्कूल तथा मार्तण्ड उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक एक के बच्चों ने मनोहारी नृत्य और गीत प्रस्तुत किए। इनके माध्यम से जिले और प्रदेश में विकास के कार्यों, उपलब्धियों, सांस्कृतिक विरासत, सेना के शौर्य और ऐतिहासिक धरोहरों को प्रदर्शित किया गया।